योजनाओं के हितग्राहियों से संपर्क कर उन्हें पार्टी से जोड़े मोर्चा 7 मोर्चों की संयुक्त बैठक में पार्टी नेताओं ने की कार्ययोजना पर चर्चा

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी का महत्वपूर्ण अंग उसके सातों मोर्चा हैं। अलग अलग वर्गों में भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा पहुंचाने में इन सभी मोर्चो की महत्वपूर्ण भूमिका है। केन्द्र और राज्य सरकार की अनेक हितग्राही मूलक योजनाएं है, जिनसे समाज का कोई भी वर्ग अछूता नहीं है। पार्टी का हर मोर्चा योजनाओं के आधार पर हितग्राहियों से संपर्क कर उन्हें भारतीय जनता पार्टी से जोड़ें। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश जी, मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश प्रभारी श्री मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने 7 मोर्चां की संयुक्त बैठक में उपस्थित प्रदेश पदाधिकारी और जिला अध्यक्षों को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल, प्रदेश सह प्रभारी डॉ. रामशंकर कठेरिया एवं प्रदेश सह प्रभारी श्रीमती पंकजा मुंडे मंचासीन थे।
भाजपा रूपी वृक्ष की शाखाएं है मोर्चा : शिवप्रकाश
मोर्चो की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्री शिवप्रकाश जी ने कहा कि पार्टी के सातों मोर्चा भाजपा रूपी वृक्ष की शाखाएं है। कार्य क्षेत्र भले ही अलग-अलग हैं लेकिन हम सभी का एक ही लक्ष्य पार्टी का विस्तार है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव से पूर्व हमारे सामने विधानसभा चुनाव है, जिसमें 240 दिन शेष बचे है। हमें 2 तिहाई मतों से विजय हासिल करनी है। इसके लिए हर मोर्चा ऐसे कार्यक्रमों की योजना बनाएं, जिसकी समाज में चर्चा हो। जनता से सीधे जुड़ाव वाली परिणामकारक कार्ययोजना बनाएं। श्री शिवप्रकाश जी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रमाणिकता के साथ काम करती है, यह हमारे किए गए कार्यो और निर्णयों में दिखाई देता है। हमारी सरकार में गरीब कल्याण, इन्फ्रास्ट्रक्चर के साथ देश की आतंरिक और बाहरी सीमाएं सुरक्षित हुई है। विश्व में भारत का गौरव बढ़ा है और भारतीय संस्कृति का विकास हुआ है। हमारी सरकार आने से देश में अनेक परिवर्तन आएं है। उन्होंने कहा कि देश का विकास राज्यों के विकास बिना संभव नहीं है। केन्द्र सरकार की सफलता के लिए राज्यों में भाजपा की सरकार होना आवश्यक है, तभी येजनाओं और नीतियों का ऊपर से लेकर जमीनी स्तर तक सफल क्रियान्वयन हो सकता है। श्री शिवप्रकाश जी ने कहा कि मध्यप्रदेश के कार्यकर्ता संपूर्ण देश के लिए आदर्श है। आने वाले चुनाव में विराट विजय हासिल कर हमें अन्य राज्यों को बताना है कि मध्यप्रदेश एक अनुकरणीय राज्य है। उन्होंने नवमतदाताओं को पार्टी से जोड़ने और लाभार्थियों से संपर्क करने की बात कही।
जनता हमारे साथ है, कांग्रेस घबराई हुई है : शिवराज सिंह चौहान
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार के जनकल्याण को जनता ने स्वीकार किया है और यही कारण है कि हमारी विकास यात्रा को व्यापक जनसमर्थन मिला। जनता के इस बढते आशीर्वाद से हमारी विरोधी कांग्रेसी घबराएं हुए है। यह कांग्रेसी झूठ बोलते हैं। जिन्होंने अंबेडकर जी को चुनाव हराया। अब वे अपने विज्ञापनों को उन्हीं का फोटो देते है। इनका झूठ हम चलने नहीं देंगे। हम आक्रामक होकर इनको जवाब दें। श्री चौहान ने कहा कि हमें तीन चौथाई बहुमत हासिल करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की अनेक योजनाएं है जिनसे हर वर्ग कहीं न कहीं लाभान्वित है। सभी मोर्चा योजनाओं के लाभार्थियों को पार्टी से जोड़ने का काम करें। उन्होंने कहा कि 5 मार्च से लाडली बहना योजना का विधिवत शुभारंभ होगा। जिसके पश्चात व्यापक तौर पर 15 मार्च से फार्म भरें जायेंगे। पार्टी और मोर्चा के कार्यकर्ता इस काम को अपने हाथों में लें। मुख्यमंत्री ने जनजाति मोर्चा को छात्रावासों में संवाद और संपर्क करने की बात कही।
पार्टी के 10 प्रतिशत वोट शेयर को बढ़ाना हर मोर्चे का लक्ष्य : मुरलीधर राव
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्री मुरलीधर राव ने संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि आमजन और समाज के बीच भारतीय जनता पार्टी को प्रजेन्ट करने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम हमारे मोर्चा हैं। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में हमारा वोट शेयर 41 प्रतिशत रहा है, इसे बढ़ाकर संगठन ने 51 प्रतिशत का लक्ष्य निर्धारित किया है। हर मोर्चा 10 प्रतिशत वोट वृद्धि अपने शेयर का लक्ष्य बना लें। मोर्चा अपने कार्यक्षेत्र के अनुसार सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को टारगेट करेंगे, तो वोट शेयर का लक्ष्य पूरा होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार की योजना से कोई भी वर्ग अछूता नहीं है। हर मोर्चा पूर्व तैयारी और पूर्ण तैयारी के साथ वोट शेयर बढ़ाने में जुटे। श्री राव ने डिजिटल प्लेटफार्म पर पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को सक्रियता के साथ सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मोर्चा बूथ, मंडल और शक्ति केंद्र पर छोटे-छोटे कार्यक्रम आयोजित करें।
आने वाले चुनाव और बूथ विस्तारक अभियान में मोर्चा की महत्वपूर्ण भूमिका : शर्मा
प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि 2014 के बाद प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में एक राजनैतिक परिवर्तन आया है। समाज का हर वर्ग आज योजनाओं के माध्यम से लाभान्वित हो रहा है। प्रधानमंत्री जी ने सबका साथ, सबका विश्वास और सबका विश्वास का जो मंत्र दिया, उसे अंगीकार करते हुए सभी मोर्चा अपने-अपने क्षेत्र में योजनाओं के माध्यम से समाज के बीच पहुंचे। उन्होंने कहा कि सभी मोर्चा के कार्यक्षेत्र व्यापक है। इस दृष्टि से मोर्चा की ताकत वर्ष भर होने वाले उनके कार्ययोजना में दिखेगी। उन्होंने कहा कि सभी मोर्चा एडवांस प्लानिंग कर उसे बूथ स्तर तक ले जाने का काम करें। कार्य के सुदृढ़ीकरण और कार्य विस्तार के लिए पदाधिकारी अधिक से अधिक प्रवास करें। उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनाव के साथ बूथ विस्तारक अभियान-2 में भी मोर्चा की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। सभी मोर्चा की ताकत जब मैदान में उतरेगी तो मध्यप्रदेश में जीत का इतिहास बनेगा।
10 दिनों तक चलेगा बूथ विस्तारक अभियान-2 : हितानंद
प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि गत वर्ष भी बूथ विस्तारक योजना अभियान चलाया गया था, उसमें हम 95 प्रतिशत बूथों तक पहुंचे थे। इस वर्ष फिर से बूथ विस्तारक योजना अभियान-2 शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर भी 1, 2 और 3 मार्च को कार्यशाला आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शक्ति केंद्र की बैठकें 13 और 14 मार्च को होगी तथा 14 मार्च से मूल अभियान शुरू हो जाएगा। यह 10 दिवसीय अभियान चलेगा। इस अभियान के लिए अल्पकालीन विस्तारक 12 हजार से अधिक शक्ति केंद्रों तक बैठक करेंगे। इसके बाद मंडल स्तर और शक्ति केंद्र पर समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएंगी। श्री हितानंद जी ने कहा कि अपै्रल माह में ’मन की बात’ कार्यक्रम का 100 वां संस्करण होगा, युवा मोर्चा और अल्पसंख्यक मोर्चा निर्धारित स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित करेंगे। हितग्राही वर्गों के श्रेणी अनुसार सभी मोर्चा लाभार्थी सम्मेलन आयोजित करेंगे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में 30 लाख से अधिक नवमतदाता हैं। ऐसे नवमतदाताओं से महिला मोर्चा और युवा मोर्चा अन्य मोर्चा भी संपर्क और संवाद के कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
बैठक में महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा और किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष ने मोर्चा की आगामी कार्ययोजना से नेतृत्व को अवगत कराया। बैठक का संचालन प्रदेश की प्रदेश महामंत्री व सांसद सुश्री कविता पाटीदार ने किया। अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री कैलाश जाटव ने आभार माना। सातों मोर्चो की संयुक्त बैठक में सभी मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष उपस्थित थे।
महिला मोर्चा ने किया मुख्यमंत्री का सम्मान, प्रदेश अध्यक्ष ने
सेल्फी विथ हितग्राही अभियान का किया शुभारंभ




