देश
मैं ठीक हूं, बुद्धि का इस्तेमाल करें भाजपा नेता
ओडिशा के मुख्यमंत्री एवं बीजू जनता दल (बीजद) अध्यक्ष नवीन पटनायक ने शुक्रवार को कहा कि उनका स्वास्थ्य बेहतर है और वह लोकसभा और विधानसभा चुनाव के लिए पूरे राज्य में प्रचार कर रहे हैं।
मेरा स्वास्थ्य बहुत अच्छा है : भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा और पार्टी के अन्य नेताओं ने टिप्पणी की थी कि पटनायक को उनके स्वास्थ्य और वृद्धावस्था के मद्देनजर आराम दिया जाना चाहिए। इसके बाद उनका यह बयान सामने आया है। पटनायक (77) ने कहा, भाजपा लोगों से कितना झूठ बोल सकती है, इसकी एक सीमा है। जैसा कि आप देख सकते हैं, मेरा स्वास्थ्य बहुत अच्छा है और मैं महीनों से पूरे राज्य में प्रचार कर रहा हूं।
भाजपा के कुछ नेताओं ने यह भी आरोप लगाया था कि पटनायक अपने वीडियो संदेशों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का इस्तेमाल कर रहे हैं। इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजू जनता दल (बीजद) अध्यक्ष ने भाजपा के नेताओं से अपनी बुद्धि का इस्तेमाल करने को कहा।
ये टिप्पणियां बहुत दुर्भाग्यपूर्ण : पटनायक के करीबी सहयोगी वीके पांडियन ने कहा कि ये टिप्पणियां बहुत दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने दावा किया कि ओडिशा के लोग लोकप्रिय मुख्यमंत्री को अपमानित करना पसंद नहीं करेंगे। इस बीच, पांडियन ने दावा किया कि शनिवार को होने वाले ओडिशा विधानसभा के तीसरे दौर के मतदान के बाद बीजद को आसानी से बहुमत मिल जाएगा।
वीके पांडियन ने किया यह दावा : राज्य में सरकार बनाने संबंधी भाजपा के दावे के बारे में पूछे जाने पर पांडियन ने दावा किया कि भाजपा की नजर 147 विधानसभा सीट में से केवल 30 पर है। उन्होंने कहा, यह उनका आंतरिक लक्ष्य है। वे 2014 से बदलाव की बात कर रहे हैं और ओडिशा में तब से नवीन लहर चल रही है। (भाषा)


