आतंकी मास्टरमाइंड मोहम्मद कासिम गुज्जर को आतंकवादी किया घोषित

केंद्र सरकार ने कई आतंकी हमलों के मास्टरमाइंड लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के सदस्य मोहम्मद कासिम गुज्जर को बृहस्पतिवार को आतंकवादी घोषित कर दिया। सरकार के फैसले की घोषणा करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि लश्कर-ए-तैयबा का आतंकवादी गुज्जर कई आतंकी हमलों और भारत के खिलाफ युद्ध की साजिश में संलिप्त रहा है। शाह ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘देश की एकता और अखंडता के खिलाफ गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति से कठोरता से निपटा जाएगा।’’ एक आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार देश के खिलाफ युद्ध छेड़ने के इरादे से गुज्जर उर्फ सलमान उर्फ सुलेमान कई तरह की आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने में शामिल रहा है, जिसमें सीमा पार से हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक उपकरण और नकदी गिराने के लिए ड्रोन के समन्वय, आपूर्ति, स्थानों की पहचान करना शामिल है।


