पुलिस ने हनुमान ध्वज उतारा

कर्नाटक में मांड्या जिले के केरागोडु गांव में उस समय तनाव पैदा हो गया, जब अधिकारियों ने 108 फुट ऊंचे स्तंभ से हनुमान ध्वज उतार दिया. इस घटना के बाद राज्य में सरकार और विपक्ष के बीच राजनीतिक विवाद शरू हो गया है. हनुमान ध्वज उतारे जाने के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी , जनता दल सेक्युलर और बजरंग दल के सदस्यों के साथ-साथ गांव और उसके आसपास के लोगों के जुटने पर एहतियातन बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है. पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा. घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने ध्वज स्तंभ पर हनुमान ध्वज की जगह राष्ट्रीय ध्वज लगा दिया. पुलिस ने बताया कि केरागोडु और 12 पड़ोसी गांवों के निवासियों और कुछ संगठनों ने रंगमंदिर के पास ध्वज स्तंभ की स्थापना के लिए धन दिया था. कथित तौर पर भाजपा और जद (एस) कार्यकर्ता इसमें सक्रिय रूप से शामिल थे. इस ध्वज स्तंभ पर हनुमान की तस्वीर वाला भगवा झंडा फहराया गया, जिसका कुछ लोगों ने विरोध किया और प्रशासन से शिकायत की. इसपर कार्रवाई करते हुए, तालुक पंचायत कार्यकारी अधिकारी ने ग्राम पंचायत अधिकारियों को ध्वज हटाने का निर्देश दिया. बड़ी संख्या में महिलाओं सहित कई ग्रामीणों ने ध्वज को हटाने का पुरजोर विरोध किया.


