’’ प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘भारत तब तक सुरक्षित है, जब तक मेरे बहादुर जवान हिमालय की तरह सीमाओं पर खड़े हैं।’’

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि देश से बढ़ती वैश्विक अपेक्षा के समय शांति बनाए रखने और भारत की सीमाओं को सुरक्षित रखने में सुरक्षा बलों की बड़ी भूमिका है। सैनिकों के साथ दिवाली मनाने की परंपरा को बरकरार रखते हुए प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि भारत रक्षा क्षेत्र में तेजी से एक बड़ी वैश्विक ताकत के रूप में उभर रहा है और इसके सुरक्षा बलों की क्षमताएं लगातार बढ़ रही हैं। मोदी ने रविवार को हिमाचल प्रदेश के लेप्चा में सुरक्षाबलों के साथ दिवाली मनाई और उनके अटूट साहस की सराहना करते हुए कहा कि जब तक देश की सीमाओं पर बहादुर जवान खड़े हैं, तब तक भारत सुरक्षित है। प्रधानमंत्री ने सीमा के पास तैनात सुरक्षाकर्मियों के साथ दिवाली मनाने के बाद यहां जवानों को संबोधित किया।भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की वर्दी पहने मोदी ने कहा, ‘‘ऐसे महत्वपूर्ण समय में यह जरूरी है कि भारत की सीमाएं सुरक्षित रहें और देश में शांति का माहौल रहे और इसमें आपकी बड़ी भूमिका है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘भारत तब तक सुरक्षित है, जब तक मेरे बहादुर जवान हिमालय की तरह सीमाओं पर खड़े हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘आजादी के बाद, इन बहादुरों (सेना के जवानों) ने कई युद्ध लड़े और देश का दिल जीता… हमारे जवानों ने चुनौतियों का सामना करते हुए विजय हासिल की है।’’ मोदी ने जवानों से कहा, ‘‘कहा जाता है कि पर्व वहां होता है, जहां परिवार है। त्योहारों पर, परिवार से दूर रहना और सीमाओं पर तैनात रहना कर्तव्य के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण है… देश आपका ऋणी है।’’ प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘इसलिए, दिवाली पर, एक दीया आपकी सुरक्षा के लिए है और हर प्रार्थना में लोग आपकी सुरक्षा की कामना करते हैं।’’ मोदी ने कहा, ‘‘30-35 साल से ऐसी कोई दिवाली नहीं रही, जो मैंने आपके साथ न मनाई हो। जब मैं न तो प्रधानमंत्री था और न ही मुख्यमंत्री, तब मैंने सीमावर्ती इलाकों में आपके बीच दिवाली मनाई थी।’’



