मेसी हैदराबाद में थोड़ी देर में फ्रेंडली मैच खेलेंगे:फुटबॉलर कोलकाता स्टेडियम से जल्दी निकले, फैंस ने तोड़फोड़ की

दिग्गज फुटबॉलर अर्जेंटीना के लियोनल मेसी 3 दिन के इंडिया टूर पर हैं। मेसी 5:30 बजे हैदराबाद पहुंचे। यहां उनसे मिलने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और तेलंगाना के CM रेवंत रेड्डी ताज फलकनुमा पैलेस में मौजूद हैं। मेसी राजीव गांधी उप्पल स्टेडियम में शाम 7 बजे 7-7 प्लेयर्स का फुटबॉल मैच खेलेंगे। उसके बाद वहां म्यूजिक कॉन्सर्ट होगा।
मेसी के साथ उरुग्वे के स्ट्राइकर लुईस सुआरेज और अर्जेंटीना के मिडफील्डर रोड्रिगो डी पॉल भी आए। तीनों फुटबॉलर रात करीब 2:30 बजे कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचे। सुबह 11 बजे मेसी ने अपने 70 फीट ऊंचे स्टैच्यू का वर्चुअल उद्घाटन किया, इसमें बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान भी मौजूद रहे।
फुटबॉलर्स सॉल्ट लेक स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्होंने फैंस से मुलाकात की। तीनों खिलाड़ी करीब 22 मिनट बाद ही वहां से निकल गए। इससे नाराज फैंस ने स्टेडियम में बोतलें व कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दीं।
इस पर पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी को माफी मांगनी पड़ी। ADG लॉ एंड ऑर्डर जावेद शमीम ने कहा कि मुख्य आयोजक सताद्रू दत्ता को गिरफ्तार कर लिया है। आयोजकों ने वादा किया है कि वे टिकट का पैसा वापस कर देंगे। भारतीय फुटबॉल महासंघ ने कहा है कि यह उनका इवेंट नहीं है।




