‘आज के राजनेताओं जैसे नहीं थे अटल’, पंकज त्रिपाठी ने उनके व्यक्तित्व को लेकर कही यह बात

पंकज त्रिपाठी बॉलीवुड के सबसे बहुमुखी अभिनेताओं में से एक हैं, जिन्होंने कॉमेडी, ड्रामा और थ्रिलर फिल्मों में अपनी प्रतिभा को दिखाया है। अभिनेता इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘मैं अटल हूं’ की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। उनकी यह फिल्म पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवनी पर आधारित है। हाल ही में, एक बातचीत के दौरान पंकज त्रिपाठी ने कहा कि वाजपेयी की तुलना आज के राजनेताओं से नहीं की जा सकती है। पंकज ने कहा, ‘अटल वाजपेयी के बारे में पढ़ने के बाद, आप आज के समय के नेताओं के बारे में वैसा महसूस नहीं करेंगे। वाजपेयी के विरोधी थे, लेकिन उनके कट्टर आलोचक भी उनका सम्मान करते थे और विधायी शिष्टाचार का पालन करते थे। अटल बिहारी वाजपेयी का व्यक्तित्व ऐसा है कि जिसकी तुलना आज के राजनेताओं से नहीं की जा सकती। भारतीय राजनीति में अटल का प्रतिद्वंद्वी ढूंढना कठिन है। वे राजनेता ही नहीं एक कवि भी थे। मैंने उनसे सीखा है कि एक व्यक्ति को अंदर से लोकतांत्रिक होना चाहिए। उनकी कविताएं आपको यह विश्वास करने के लिए प्रेरित करते हैं कि हर कोई जीवन में कुछ भी कर सकता है।’ अभिनेता ने आगे बताया कि उन्होंने भी अटल वाजपेयी की दो राजनीतिक रैलियों में भाग लिया था। जिसमें उन्होंने पांच सौ मीटर दूर भीड़ में खड़े होकर उनकी बातें सुनी थीं।




