अमेरिका-भारत बनाएंगे बख्तरबंद गाड़ियां

भारत-अमेरिका के रक्षा और विदेश मंत्रियों की ‘2+2’ बैठक में डिफेंस प्रोडक्शन, इस्राइल-हमास जंग और हिंद प्रशांत में चीन के सैन्य प्रदर्शन पर बात हुई। अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन ने कहा कि भारत-अमेरिका बख्तरबंद गाड़ियों का मिलकर प्रोडक्शन करेंगे। इसका नाम स्ट्राइकर है। इस ऐलान को चीन को काउंटर करने के तौर पर देखा जा रहा है। अमेरिका से 31 MQ-9B ड्रोन खरीद पर ऑस्टिन ने कहा कि इसका ऐलान सही समय पर किया जाएगा। सरकार यह तय करने के लिए हरसंभव कोशिश कर रही है कि भारत यह क्षमता जल्द हासिल कर ले। दोनों देशों का सहयोग पहले से कहीं ज्यादा मजबूत है। भारत ने वार्ता के दौरान अमेरिका को कनाडा में अलगाववादी समर्थक तत्वों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर अपनी गंभीर चिंताएं भी बताईं। विदेश सचिव विनय मोहन क्वात्रा ने कहा, ‘हमने अपनी चिंताओं को बिल्कुल साफ कर दिया है। हमारी मुख्य चिंता सुरक्षा को लेकर है। अमेरिकी पक्ष इसे समझता है।’ विदेश मंत्री एस. जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस बैठक में शामिल हुए।




