हमास-इस्राइल युद्ध के बीच UN महासचिव ने फिर चेताया

इस्राइल और हमास के बीच चल रहे युद्ध को एक महीना हो गया है। इस जंग के थमने के आसार दूर-दूर तक नहीं दिखाई दे रहे हैं। अभी तक 11 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इस संघर्ष के चलते गाजा पट्टी की हालत बदतर होती जा रही है। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने एक बार फिर गाजा में बिगड़ती स्थिती पर चेताया है। उनका कहना है कि गाजा बच्चों के लिए कब्रगाह बनता जा रहा है।
मानवीय संकट से कहीं अधिक…
गुतारेस ने न्यूयॉर्क में पत्रकारों से कहा कि गाजा में मानवीय संकट से कहीं अधिक डरावनी हालत है। यह मानवता का संकट है। उन्होंने कहा कि हर गुजरते घंटे के साथ संघर्ष विराम की आवश्यकता अधिक जरूरी होती जा रही है। उन्होंने कहा कि संघर्ष के पक्ष और वास्तव में, अंतरराष्ट्रीय समुदाय एक तत्काल और मौलिक जिम्मेदारी का सामना कर रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय समुदायों पर इस अमानवीय पीड़ा को रोकने और गाजा में मानवीय सहायता का विस्तार करने की जिम्मेदारी है।
UN के कई कर्मचारी मारे जा चुके
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने कहा कि एक महीने पहले इस्राइल-हमास युद्ध शुरू होने के बाद से फलस्तीन शरणार्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र राहत और कार्य एजेंसी (यूएनआरडब्ल्यूए) में काम करने वाले 89 लोग मारे जा चुके हैं। उन्होंने सोमवार रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘हमारे संगठन के इतिहास में हाल के हफ्तों में सबसे अधिक संयुक्त राष्ट्र की सहायता करने वाले कार्यकर्ता मारे गए हैं।’
कभी भुलाया नहीं जा सकेगा
वहीं, यूएनआरडब्ल्यूए ने मंगलवार को जानकारी देते हुए कहा कि कम से कम 26 सदस्य घायल हुए हैं। उन्होंने कहा, ‘हम बर्बाद हो चुके हैं। हमारे मारे गए सहयोगी हमेशा याद रहेंगे और उन्हें भुलाया नहीं जाएगा। हम इस दुख को एक-दूसरे के साथ और परिवारों के साथ साझा करते हैं।
