हेमंत सोरेन को किया गिरफ्तार

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को गिरफ्तार कर लिया गया है. मिली जानकारी के अनुसार फिलहाल हेमंत सोरेन ईडी कार्यालय में हैं. ईडी की टीम हेमंत सोरेन का मेडिकल कराएगी और उसके बाद कानूनी प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा. गुरुवार को ईडी उन्हें कोर्ट में पेश करेगी, जहां जांच एजेंसी अदालत से 15 दिनों की हिरासत की मांग कर सकती है. वहीं इससे पहले ईडी की पूछताछ के बाद सीएम हेमंत सोरेन राजभवन पहुंचे और इसके बाद उन्होंने अपना इस्तीफा सौंप दिया. वहीं राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया साइट X पर पोस्ट कर सीएम हेमंत सोरेन के इस्तीफे को स्वीकार करने की जानकारी दी है. राज्यपाल ने हेमंत सोरेन का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है. वहीं इसी बीच सत्ताधारी दल के सभी विधायकों ने चंपई सोरेन को अपना नेता चुन लिया है. ऐसे में चंपई सोरेन झारखंड के नए सीएम बन सकते हैं. बता दें, ईडी की टीम ने सीएम हाउस में हेमंत सोरेन से करीब 7 घंटे की लंबी पूछताछ की है. वहीं हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद सीएम आवास, ईडी कार्यालय, राजभवन, बीजेपी कार्यालय समेत रांची के अलग-अलग इलाकों में सुरक्षा भी बढ़ा दी गयी है.




