अब थाली के लिए चुकानी होगी कम कीमत

एक रिपोर्ट आई है जिसके अनुसार जनवरी के महीने में महंगाई में हल्की कमी देखने को मिली है। इसका असर आम जनता की थाली पर भी हुआ है। आंकड़ों के अनुसार नॉनवेज थाली की कीमतें सस्ती हो गई है।
इस संबंध में एक रिपोर्ट आई है, जो कि क्रिसिल मार्केट इंटेलिजेंस एंड एनालिटिक्स (एमआईएंडए) रिसर्च की तरफ से जारी की गई है। इस रिपोर्ट के अनुसार जनवरी के महीने में घर में बनने वाली शाकाहारी यानी वेजिटेरियन थाली की कीमत सालाना आधार पर पांच प्रतिशत महंगी हुई है जबकि मांसाहारी थाली 13 प्रतिशत सस्ती हुई है। क्रिसिल ने ये रिपोर्ट बुधवार को जारी की है।
रिपोर्ट के मुताबिक, जनवरी में दाल, चावल, प्याज और टमाटर की कीमतें बढ़ी है। इनकी कीमत बढ़ने से थाली भी महंगाई की चपेट में आ गई है। पोल्ट्री दरों में आई कमी को देखते हुए मासांहारी थाली की कीमत कम हो गई है। रिपोर्ट की मानें तो प्याज और टमाटर की कीमत बीते महीने सालाना आधार पर 35 प्रतिशत और 20 प्रतिशत बढ़ गई थी। इनकी कीमतों में आई बढ़ोतरी के कारण ही शाकाहारी थाली की कीमत भी बढ़ी है।



