बिहार में 140 एकड़ में बन रहा विश्व का सबसे बड़ा राम मंदिर

त्रेता युग में जिस तरीके का संबध प्रभु श्री राम और उनके प्रिय भक्त के बीच रहा उसी प्रकार का संबध अयोध्या स्थित राममंदिर और पटना के महावीर मंदिर के बीच होने वाला है. इसकी शुरूआत भी महावीर मंदिर की तरफ से कर दी गई है. वर्षों से टेंट में रह रहे रामलला को आगामी 22 जनवरी को विशाल और अद्भुत राममंदिर में स्थापित किया जायेगा.
उसके बाद पटना स्थित महावीर मंदिर की तरफ से राममंदिर का पूरक जानकी मंदिर (सीता कुंड) का निर्माण किया जायेगा. इसके साथ ही महावीर मंदिर की ओर से जानकी नगर की भी स्थापना की जा रही है. जहां विश्व का सबसे बड़ा मंदिर बनाया जा रहा है. जिसका नाम विराट रामायण मंदिर है. यह बातें कही महावीर मंदिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने.
140 एकड़ में बन रहा विश्व का सबसे बड़ा मंदिर
अयोध्या से जनकपुर तक बन रहे राम-जानकी मार्ग पर स्थित विराट रामायण मंदिर 140 एकड़ क्षेत्रफल में फैला है. मुख्य मन्दिर 1080 फीट लंबा, 540 फीट चौड़ा और 270 फीट ऊंचा है. मन्दिर में 33 फीट ऊंचा और 33 फीट गोलाकार शिवलिंग भी स्थापित होगा. यह विश्व का सबसे बड़ा शिवलिंग होगा. इसमें एक हजार छोटे शिवलिंग भी होंगे. इसे सहस्रलिंगम के रूप में जाना जाता है. भारत में आठवीं सदी तक सहस्रलिंगम के प्रमाण हैं.


