MP में तापमान 4.2°C पहुंचा, 3 दिन शीतलहर का अलर्ट:सोनमर्ग में सीजन की पहली बर्फबारी हुई; हिमाचल के रोहतांग में मनाली-लेह रोड बंद
मध्य प्रदेश में बर्फीली हवाओं ने सर्दी बढ़ा दी है। कई शहरों में सोमवार रात को तापमान 6 डिग्री से नीचे चला गया। शहडोल के कल्याणपुर में सबसे कम तापमान 4.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। भोपाल, इंदौर समेत 9 जिलों में मंगलवार को शीतलहर का अलर्ट है। कई शहरों में तापमान 5 डिग्री से नीचे जा सकता है।
राजस्थान के 19 शहरों में सोमवार को तापमान 10 डिग्री से नीचे दर्ज हुआ। फतेहपुर में सबसे कम, 4.4 डिग्री पारा दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने राज्य में 10 दिसंबर से शीतलहर चलने की आशंका जताई है।
दूसरी तरफ, पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। उत्तराखंड के चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में सोमवार दोपहर को तेज बर्फबारी हुई। पहाड़ पूरी तरह से सफेद नजर आए।
कश्मीर के गांदरबल जिले के सोनमर्ग में सोमवार को सीजन की पहली बर्फबारी हुई। बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग बर्फबारी का मजा लेते हुए दिखे। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला स्थित रोहतांग दर्रे में बर्फबारी हुई। इसके कारण मनाली-लेह सड़क बंद कर दिया गई।




